प्रयागराज, महाकुंभ भगदड़ की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग शुक्रवार को प्रयागराज पहुंचने के बाद पूछताछ के लिए संगम नोज स्थित घटनास्थल पहुंचा। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति हर्ष कुमार की अध्यक्षता वाले इस आयोग में पूर्व पुलिस महानिदेशक वी के गुप्ता और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डी के सिंह शामिल हैं। एक अधिकारी ने बताया कि आयोग दोपहर में संगम नोज पर पहुंचा जहां मंगलवार देर रात भगदड़ मची थी। आयोग के साथ मौजूद मेलाधिकारी विजय किरन आनंद डीआईजी वैभव कृष्ण एसएसपी राजेश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारियों ने आयोग के सदस्यों को जानकारी दी। आयोग ने भारी सुरक्षा के बीच उस क्षेत्र का भ्रमण किया। महाकुंभ हादसे की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग ने गठन के अगले ही दिन से काम शुरू कर दिया। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति हर्ष कुमार ने कहा कि आयोग को जांच करने के लिए एक महीने का समय मिला है लेकिन यह तेजी से जांच करेगा। पुलिस के मुताबिक यह घटना इसलिए हुई क्योंकि भीड़ बैरिकेड तोड़कर दूसरी तरफ बढ़ गई और वहां घाट पर बैठे लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। इस घटना में 30 लोगों की मृत्यु हो गई जबकि 60 अन्य घायल हो गए।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common