महान उपलब्धियां हासिल करने के लिए बड़े सपने देखना जरूरी: बिरला

नयी दिल्ली, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि जो लोग बड़े सपने देखते हैं वे ही जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल करते हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के महाराजा अग्रसेन कॉलेज के वार्षिक दिवस समारोह के दौरान महाराजा अग्रसेन की विरासत पर प्रकाश डाला और कहा कि वह एक दूरदर्शी शासक थे जिनके आदर्श आज भी प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा ‘‘जब आप महाराजा अग्रसेन के जीवन और दृष्टिकोण को पढ़ते और समझते हैं तो आपको पता चलता है कि वह कितने दूरदर्शी शासक थे। उन्होंने एक उदाहरण स्थापित किया कि एक शासक को कैसा होना चाहिए। उनके शासन की कहानियां आज के लोकतंत्र के युग में भी हमें प्रेरित करती रहती हैं।’’ उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए अतीत की महान हस्तियों से प्रेरणा लेना महत्वपूर्ण है।

सरदार वल्लभभाई पटेल का जिक्र करते हुए बिरला ने कहा कि भारत में ऐसे कई नेताओं ने जन्म लिया है जिन्होंने देश के लोकतांत्रिक ढांचे की नींव रखी।

उन्होंने कहा ‘‘भारत की धरती ने कई ऐसे नेताओं को जन्म दिया है जिन्होंने उस आधार का निर्माण किया जिस पर आज का लोकतंत्र खड़ा है।’’

बिरला ने महाराजा अग्रसेन कॉलेज के छात्रों के साथ बातचीत की और उन्हें अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: