मानवाधिकार दिवस के कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू होंगी मुख्य अतिथि : एनएचआरसी

नयी दिल्ली, मानवाधिकार दिवस पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) द्वारा 10 दिसंबर को आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि होंगी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यहां जारी एक बयान में एनएचआरसी ने बताया कि पिछले साल एक दिसंबर से इस साल 30 नवंबर तक आयोग ने कुल 1,16,675 मामले दर्ज किए, जिनमें से 53 मामले उसने स्वत: संज्ञान लेते हुए दर्ज किया। आयोग ने बताया कि उसने 1,06,683 नए और पुराने मामलों को सरकारी अधिकारियों और उसकी जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर निस्तारित किया है।

एनएचआरसी ने बताया कि मानवाधिकार उल्लंघन के 224 मामलों में आयोग ने पीड़ितों को 9,14,25,000 रुपये के मुआवजे की अनुशंसा की गई है।

आयोग ने बताया कि मानवाधिकार दिवस पर 10 दिसंबर को विज्ञान भवन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हो कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगी और इस दौरान एनएचआरसी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (अवकाश प्राप्त) अरुण कुमार मिश्रा और अन्य सदस्य भी उपस्थित होंगे।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: