यह तो बस शानदार सफर की शुरुआत है: सूर्यवंशी को सूर्यकुमार का संदेश

नयी दिल्ली,  भारत को इसी वर्ष घरेलू सरजमीं पर विश्व कप जिताने वाले पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय पदार्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह उनके रोमांचक क्रिकेट सफर की शुरुआत है और वह देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

            बिहार के सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए दूसरे टी20 मैच में पदार्पण किया और भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 16 वर्ष की उम्र में डेब्यू करने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

             सूर्यकुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा  ‘‘मैं टीम के लिए बेहद खुश हूं। मैं हमेशा खिलाड़ियों के लिए केवल शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पता है कि सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं और उन्हें मेरा पूरा समर्थन हमेशा मिलेगा।

            सूर्यवंशी के लिए उन्होंने विशेष संदेश देते हुए कहा  ‘‘वैभव (सूर्यवंशी)  तुम्हारे लिए एक खास बात—यह तुम्हारे बेहद रोमांचक सफर की शुरुआत है। हर पल का आनंद लो और देश का नाम रोशन करते रहो।’’

            गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव को इसी वर्ष घरेलू सरजमीं पर भारत को विश्व कप जिताने के बावजूद बाद में टीम से बाहर कर दिया गया था। उनकी जगह श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपी गई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लंबे समय तक खराब बल्लेबाजी फॉर्म सूर्यकुमार के टीम से बाहर होने की प्रमुख वजहों में से एक रही।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: