रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में इंदिरा प्वाइंट का दौरा किया

नयी दिल्ली, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह की अपनी दो दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन शुक्रवार को देश के सबसे दक्षिणी हिस्से इंदिरा प्वाइंट का दौरा किया।

उनकी इस यात्रा के दौरान अंडमान एवं निकोबार कमान के कमांडर-इन-चीफ (सीआईएनसीएएन) लेफ्टिनेंट जनरल अजय सिंह भी साथ थे।

रक्षा मंत्री सिंह ने अपनी इस यात्रा के दौरान रक्षा तैयारियों की समीक्षा की और सैनिकों को क्षेत्र में राष्ट्रीय हितों की रक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के अनुसार, ‘‘ इंदिरा प्वाइंट ग्रेट चैनल के साथ स्थित है, जिसे लोकप्रिय रूप से ‘सिक्स डिग्री चैनल’ भी कहा जाता है। यह अंतरराष्ट्रीय यातायात के लिए एक प्रमुख पोत परिवहन मार्ग है। इस क्षेत्र में सशस्त्र बलों की सुदृढ़ उपस्थिति भारत को एक प्रमुख सुरक्षा प्रदाता होने की अपनी जिम्मेदारी का बेहतर निर्वहन करने के लिए तैयार करती है।’’

सिंह ने बृहस्पतिवार को पोर्ट ब्लेयर में अंडमान और निकोबार कमान के मुख्यालय का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने कमान की परिचालन संबंधी तैयारियों और क्षेत्र में बुनियादी ढ़ांचे के विकास की समीक्षा की।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: