राजधानी क्षेत्र के योजनाबद्ध विकास से छत्तीसगढ़ को मिलेगा नयी गति: मुख्यमंत्री साय

रायपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राजधानी क्षेत्र के योजनाबद्ध और समग्र विकास से राज्य को एक नयी गति मिलेगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में ‘छत्तीसगढ़ स्टेट कैपिटल रीजन’ (एससीआर) विकास प्राधिकरण की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राधिकरण के उद्देश्य कार्यप्रणाली और राजधानी क्षेत्र के समग्र एवं योजनाबद्ध विकास के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री साय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण की परिकल्पना शहर की बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए की गई है ताकि लोगों को व्यवस्थित आवास बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं व्यापार-वाणिज्य तथा रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की पहली बैठक अत्यंत सार्थक रही और विभिन्न विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा के सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में दिखाई देंगे। साय ने कहा “राजधानी रायपुर और उसके आसपास के शहर तेजी से विकसित होते हुए एक बड़े शहरी क्षेत्र का रूप ले रहे हैं। ऐसे में महानगरों की तर्ज पर इनके संतुलित और योजनाबद्ध विकास की आवश्यकता है।” उन्होंने कहा कि राजधानी क्षेत्र के व्यवस्थित विकास से छत्तीसगढ़ को नयी गति मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि रायपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों को ‘स्टेट कैपिटल रीजन’ के रूप में विकसित किया जाएगा जिसमें रायपुर दुर्ग-भिलाई नवा रायपुर अटल नगर तथा आसपास के क्षेत्र शामिल होंगे। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: