जयपुर, एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के अनेक हिस्सों में बारिश व आंधी की गतिविधियां इस सप्ताह जारी रहने का अनुमान है और इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा। मौसम केंद्र जयपुर के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कुछ भागों में बादलांे की गरज के साथ आंधी-बारिश की गतिविधियां आगामी एक सप्ताह जारी रहने की प्रबल संभावना है। 3-4 जून को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक बार पुनः बीकानेर जयपुर भरतपुर अजमेर संभाग के कुछ भागों में तेज आंधी बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
इस दौरान कहीं-कहीं कहीं 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने व बारिश होने का अनुमान है। आंधी बारिश के प्रभाव से इस सप्ताह राज्य के ज्यादातर भागों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने व हीटवेव से राहत मिलने की पूरी संभावना है।
मंगलवार सुबह तक बीते चौबीस घंटे में राज्य में अनेक जगह हल्की से भारी बारिश हुई। सर्वाधिक 72.0 मिलीमीटर बारिश मालपुरा (टोंक) में हुई। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस फलोदी में रहा।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common