नयी दिल्ली, अभिनेता राम चरण की फिल्म ‘पेड्डी’ ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। यह स्पोर्ट्स-एक्शन ड्रामा फिल्म निर्देशक बुची सना के निर्देशन में बनी है और चार जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में शिवा राजकुमार और जाह्नवी कपूर समेत कई कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
प्रोडक्शन बैनर वृद्धि सिनेमा ने बृहस्पतिवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म की बॉक्स ऑफिस कमाई साझा की। इसमें फिल्म के पोस्टर के साथ कमाई के आंकड़े भी दर्शाए गए थे।
निर्माताओं के अनुसार ‘पेड्डी’ इस वर्ष की सबसे अधिक कमाई करने वाली दक्षिण भारतीय फिल्म भी बन गई है।
फिल्म ने पहले दिन 135.36 करोड़ रुपये की कमाई की और अपने पहले सप्ताहांत में 236.7 करोड़ रुपये की कमाई कर ली।
पोस्ट के कैप्शन में लिखा था “बॉक्स ऑफिस का जश्न। फिल्म पेड्डी ने दुनिया भर में 400 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है।”
1980 के दशक के ग्रामीण आंध्र प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘पेड्डी’ एक ऐसे निम्न जाति के ग्रामीण की कहानी है जो अपने समुदाय के लिए सम्मान और पहचान हासिल करने के उद्देश्य से कुश्ती को अपनाता है।
अभिनेता जगपति बाबू दिव्येंदु और बोमन ईरानी भी इस फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए हैं।
फिल्म का निर्माण वृद्धि सिनेमा के तहत वेंकट सतीश किलारू ने किया है जबकि आईवीवाई एंटरटेनमेंट के तहत ईशान सक्सेना इसके सह-निर्माता हैं। इसे मैत्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स द्वारा प्रस्तुत किया गया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common