राष्ट्रपति के अभिभाषण पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों से पद की गरिमा को ठेस पहुंची: राष्ट्रपति भवन

नयी दिल्ली, राष्ट्रपति भवन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद में अभिभाषण पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों को अस्वीकार्य बताते हुए शुक्रवार को कहा कि इससे पद की गरिमा को ठेस पहुंची है। राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि ऐसा हो सकता है कि ये नेता ‘‘हिंदी जैसी भारतीय भाषाओं के मुहावरे और विमर्श’’ से वाकिफ नहीं हों इसलिए इस तरह की गलत धारणा बना ली। राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा ‘‘किसी भी मामले में ऐसी टिप्पणियां गलत दुर्भाग्यपूर्ण और पूरी तरह से टालने योग्य हैं।’’ शुक्रवार को राष्ट्रपति द्वारा संसद की संयुक्त बैठक में अपना अभिभाषण समाप्त करने के तुरंत बाद कांग्रेस नेता सोनिया गांधी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा को अभिभाषण पर चर्चा करते देखा गया। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में सोनिया गांधी को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया ‘‘राष्ट्रपति अंत तक बहुत थक गई थीं…बेचारी वह मुश्किल से बोल पा रही थीं।’’ राष्ट्रपति भवन ने कहा ‘‘संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर मीडिया को प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी के कुछ प्रमुख नेताओं ने ऐसी टिप्पणियां की हैं जो स्पष्ट रूप से पद की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं इसलिए ये अस्वीकार्य हैं।’’ राष्ट्रपति कार्यालय के बयान के मुताबिक इन नेताओं ने कहा है कि राष्ट्रपति अंत तक ‘‘बहुत थक गई थीं’’ और वह मुश्किल से बोल पा रही थीं। बयान में कहा गया ‘‘राष्ट्रपति भवन यह स्पष्ट करना चाहता है कि यह धारणा पूरी तरह गलत है। राष्ट्रपति किसी भी समय थकी नहीं थीं। वास्तव में उनका मानना है कि हाशिए पर पड़े समुदायों महिलाओं और किसानों के लिए बोलना जैसा कि वह अपने संबोधन के दौरान कर रही थीं कभी भी थकाऊ नहीं हो सकता है।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: