राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में अवरोध पैदा कर रहे असम के मुख्यमंत्री: राकांपा

मुंबई, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के शरद पवार नीत खेमे ने बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में अवरोध पैदा करने का आरोप लगाया।

राकांपा (शरद पवार गुट) के प्रवक्ता क्लाइड क्रेस्टो ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के हर कदम पर अवरोध पैदा करके मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा दुनिया को केवल यही दिखा रहे हैं कि राहुल गांधी कितने बहादुर हैं और वह किस तरह भारत की जनता की बेहतरी के लिए लड़ रहे हैं।’’

असम पुलिस ने हिंसा में शामिल होने के आरोप में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की। मुख्यमंत्री शर्मा ने यह जानकारी दी।

इससे पहले, शर्मा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को अवरोधक तोड़ने के लिए भीड़ को उकसाने को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था।

राहुल की अगुवाई में मणिपुर से मुंबई तक कांग्रेस की यह यात्रा निकाली जा रही है जिसने मंगलवार को मेघालय से असम में प्रवेश किया। 

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: