रिजवान का शतक, पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका से पहला टी20 जीता

लाहौर, विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के नाबाद शतक की मदद से पाकिस्तान ने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में गुरुवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को तीन रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बनायी।

रिजवान ने 64 गेंदों पर छह चौकों और सात छक्कों की मदद से नाबाद 104 रन बनाये जिससे पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाले पाकिस्तान ने छह विकेट पर 169 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। रिजवान के बाद दूसरा बड़ा स्कोर हैदर अली (21) का था।

रीजा हेंड्रिक्स (54) और जानेमन मलान (44) ने पहले विकेट के लिये 53 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीका को अच्छी शुरुआत दिलायी लेकिन मध्यक्रम लड़खड़ाने से टीम को झटका लगा। निचले क्रम के बल्लेबाजों ने हालांकि दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदें बनाये रखी लेकिन आखिर में वह छह विकेट पर 166 रन तक ही पहुंच पाया।

दक्षिण अफ्रीका को आखिरी ओवर में 19 रन की जरूरत थी। ड्वेन प्रिटोरियस (नाबाद 15) ने फहीम अशरफ पर छक्का लगाया। ब्योर्न फोर्चून (नाबाद 17) ने पांचवीं गेंद चार रन के लिये भेजी। दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिये अंतिम गेंद पर छह रन की दरकार थी लेकिन फोर्चून दो रन ही ले पाये।

दूसरा टी20 इसी स्थान पर 13 फरवरी को खेला जाएगा।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया

%d bloggers like this: