रूस ने बीबीसी की पत्रकार का वीजा विस्तारित करने से इनकार किया

मॉस्को, रूस और ब्रिटेन के बीच तनाव बढ़ने के साथ मॉस्को में बीबीसी की एक पत्रकार का वीजा विस्तारित करने से मना कर दिया गया है। रूस के सरकारी टेलीविजन ने यह खबर दी है।

‘रोसिया 24’ चैनल ने बृहस्पतिवार को बताया कि बीबीसी की संवाददाता सारा रेंसफोर्ड को इस महीने अपने वीजा की अवधि खत्म होने पर रूस छोड़ना होगा। रूस के पत्रकारों को वीजा नहीं दिए जाने या उसे विस्तारित करने से ब्रिटेन के इनकार के कारण विदेश मंत्रालय ने यह निर्णय किया। मामले पर रेंसफोर्ड या बीबीसी की प्रतिक्रिया नहीं मिल पायी है।

यूक्रेन के क्रीमिया पर रूसी आक्रमण, चुनावों में दखल के लिए रूस पर आरोप, साइबर हमलों समेत विभिन्न मुद्दों के कारण शीत युद्ध के बाद से पश्चिमी देशों के साथ रूस का संबंध सबसे निचले स्तर पर है। रूस और ब्रिटेन के संबंध भी 2018 से खराब हैं, जब रूस के पूर्व जासूस सरगेई स्क्रीपाल और उनकी बेटी यूलिया पर ‘नर्व एजेंट’ (जहर) से हमला किया गया था। ब्रिटेन के अधिकारियों ने कहा था रूस की सरकार के शीर्ष स्तर पर इसकी सहमति दी गयी जबकि मॉस्को ने आरोपों का पुरजोर खंडन किया। ब्रिटेन समेत कई अन्य देशों ने क्रीमिया को देश का हिस्सा बनाने के रूस के कदम को मान्यता नहीं दी।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: