मुंबई, शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे ने रविवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव तानाशाही और लोकतंत्र के बीच की लड़ाई है। मुंबई के धारावी में जनसभा को संबोधित करते हुए, ठाकरे ने “अब की बार 400 पार” नारे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भगवा पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा।
ठाकरे ने कहा, “हम प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के खिलाफ नहीं हैं। हम तानाशाही प्रवृत्ति को हराने के लिए एकजुट हुए हैं। इस पीढ़ी पर देश में लोकतंत्र की रक्षा करने की ऐतिहासिक जिम्मेदारी है। 2024 का आम चुनाव तानाशाही बनाम लोकतंत्र की लड़ाई है।”
उन्होंने दावा किया कि यदि महाराष्ट्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के 41 उम्मीदवार नहीं चुने गए होते, तो मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा 2019 के चुनावों में 300 सीट का आंकड़ा पार नहीं कर पाती। ठाकरे ने कहा, “विपक्ष का नारा होगा ‘अब की बार, भाजपा तड़ीपार’। महाराष्ट्र भाजपा को हराने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।”
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common