लोगों के लिए 26 मार्च से खुलेगा एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन

श्रीनगर, जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर स्थित एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन जनता के लिए 26 मार्च को खोल दिया जाएगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि डल झील और जबरवान पहाड़ियों के बीच स्थित ट्यूलिप गार्डन कश्मीर घाटी में पर्यटन सीजन की शुरुआत का प्रतीक होगा।

जम्मू कश्मीर के तत्कालीन मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने साल 2007 में ‘इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्यूलिप गार्डन’ की स्थापना की थी जिससे यहां पर्यटन सीजन को विस्तारित किया जा सके। केंद्र शासित प्रदेश में पहले पर्यटन सीजन गर्मियों और सर्दियों तक ही सीमित रहता था। पुष्पकृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ‘इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्यूलिप गार्डन’ को पहले सिराज बाग के नाम से जाना जाता था। उन्होंने बताया कि यह उद्यान अब जनता के लिए खोल दिया जाएगा क्योंकि यहां विभिन्न रंगों के ट्यूलिप खिलने शुरू हो गए हैं।

पुष्पकृषि विभाग चरणबद्ध तरीके से ट्यूलिप की गांठों को लगाता है ताकि फूल एक महीने या उससे अधिक समय तक खिले रहें। ट्यूलिप गार्डन के सहायक पुष्पकृषि अधिकारी आसिफ अहमद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया ‘‘यह गार्डन 26 मार्च को जनता के लिए खोल दिया जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला इस उद्यान को जनता के लिए खोलेंगे। अहमद ने बताया कि विभाग ने उद्यान में इस साल ट्यूलिप की दो नयी किस्में लगाई हैं।

उन्होंने बताया ‘‘हम हर साल ट्यूलिप गार्डन के लिए कुछ नया करने की कोशिश करते हैं। हमने इस साल ट्यूलिप की दो नयी किस्में जोड़ी हैं जिससे इसकी कुल संख्या 74 हो गई है।’

’ क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: