विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जापान सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करने के लिए 22 मई 2025 को जापान का दौरा किया। अपने समकक्ष उप विदेश मंत्री ताकेहिरो फुनाकोशी के साथ अपनी बैठक के दौरान, दोनों पक्षों ने भारत और जापान के बीच बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों में राजनीतिक संबंधों, रक्षा और सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और लोगों के बीच आदान-प्रदान सहित प्रमुख मुद्दों की समीक्षा की। उन्होंने सामयिक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
विदेश सचिव ने जापान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, मासाताका ओकानो और विदेश मामलों के वरिष्ठ उप मंत्री हिरोयुकी नमाजू के साथ भी मुलाकात की और आपसी हितों के क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की।
यात्रा के दौरान, विदेश सचिव ने ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन, ओआरएफ अमेरिका, जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन और केइज़ाई डोयुकाई (जापान एसोसिएशन ऑफ कॉरपोरेट एग्जीक्यूटिव्स) द्वारा आयोजित रायसीना टोक्यो डायलॉग के दूसरे संस्करण में स्पॉटलाइट संबोधन दिया।
विदेश सचिव की यह यात्रा भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और गहरा करने के प्रयास में दोनों पक्षों के बीच नियमित उच्च-स्तरीय संपर्कों की निरंतरता थी। उन्होंने पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद जापान की सरकार और लोगों द्वारा भारत के प्रति दिखाए गए समर्थन और एकजुटता की सराहना की। विदेश सचिव की यात्रा और आज की उनकी बैठकों ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के साथ-साथ आतंकवादी कृत्यों के पीछे समर्थन ढांचे से लड़ने के लिए दोनों देशों के साझा दृढ़ संकल्प पर विचार करने और इसकी पुष्टि करने का एक और अवसर प्रदान किया।https://x.com/IndianEmbTokyo/status/1925440480990699996/photo/1