नयी दिल्ली, पंजाबी कलाकार दिलजीत दोसांझ ने यहां जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन से खुद को अलग कर लिया और कहा कि वह एक कलाकार हैं कोई राजनेता नहीं। फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के अभिनेता ने बुधवार शाम ‘इंस्टाग्राम’ पर अपने प्रशंसकों के कई सवालों के जवाब दिए।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और नीट प्रश्न पत्र लीक विवाद को लेकर कॉजपा के विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे तो दिलजीत ने कहा “मुझे इन सब से दूर रखिए… भाई मैं एक कलाकार हूं। मैं कोई राजनेता नहीं हूं मुझे नहीं पता आप मुझे क्या समझते हैं।”
उन्होंने इसके बाद गुरु ग्रंथ साहिब की एक लोकप्रिय पंक्ति का उल्लेख किया “नानक दुखिया सब संसार सो सुखिया जिस नाम आधार’ जिसका अर्थ है कि दुनिया में हर कोई दुखों से जूझ रहा है केवल वे लोग सुखी हैं जो ईश्वर के सहारे रहते हैं।” दिलजीत ने कहा “देखिए हर चीज कभी भी पूरी तरह सही नहीं हो सकती। इस दुनिया में सब कुछ कभी भी सही नहीं हो सकता। इसलिए जो लोग विरोध कर रहे हैं उन्हें बधाई और जिनके खिलाफ विरोध हो रहा है उन्हें भी बधाई क्योंकि मुझे इसके बारे में कुछ पता नहीं है।”
वर्ष 2020 में दिलजीत उस समय सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने केंद्र सरकार के विवादास्पद कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया था। इस वर्ष मई में एक नागरिक समाज समूह ने दिलजीत से राजनीति में आने की सार्वजनिक अपील की थी लेकिन उन्होंने राजनीति में प्रवेश करने से इनकार कर दिया था। दिलजीत ने ‘एक्स’ पर कहा “मेरा काम लोगों का मनोरंजन करना है। मैं अपने क्षेत्र में बहुत खुश हूं। बहुत-बहुत धन्यवाद।”क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common