विश्व कप, एशियाई खेलों के लिये एक ही टीम उतार सकता है भारत : महिला हॉकी कोच मारिन

नयी दिल्ली,  भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने बुधवार को संकेत दिया कि आगामी विश्व कप और एशियाई खेलों के बीच महज 20 दिन का अंतर होने के बावजूद समान टीम उतारी जा सकती है ।

             महिला और पुरूष हॉकी विश्व कप 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में खेला जायेगा जबकि एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान में होंगे ।

             ऐसी अटकलें हैं कि पुरूष वर्ग में भारत दो अलग अलग टीमें उतार सकता है लेकिन मारिन ने कहा कि वह विश्व कप के जरिये एशियाई खेलों की तैयारी करेंगे ।

             उन्होंने पीटीआई से कहा  ‘’ हमने इस पर बात की है । हमें 2018 का भी अनुभव है जब यही स्थिति थी । एक टूर्नामेंट से दूसरे टूर्नामेंट की तैयारी में मदद मिल सकती है । एशियाई खेल सबसे अहम है क्योंकि यह ओलंपिक क्वालीफायर है ।’’

             उन्होंने कहा  ‘‘ लेकिन 2018 विश्व कप से हमारा आत्मविश्वास बढा था और हम उसी सोच के साथ खेलेंगे । विश्व कप को एशियाई खेलों की तैयारी के लिये इस्तेमाल करना है । विश्व कप में हमारे पास 20 खिलाड़ी होंगे जबकि एशियाई खेलों में 18 सदस्यीय टीम रहेगी ।’’

             मारिन ने कहा कि भारतीय महिला टीम के साथ अस्थायी तौर पर काम कर रहे नीदरलैंड के ड्रैग फ्लिक विशेषज्ञ ताइके ताकेमा विश्व कप और एशियाई खेलों में भी रहेंगे ।

             उन्होंने कहा  ‘‘ वह दोनों टूर्नामेंटों में रहेंगे । उन्हें चीन की टीम के साथ काम करने का अनुभव है । वह पेनल्टी कॉर्नर अटैक  डिफेंस पर काम कर रहे हैं और डिफेंडरों का भी मार्गदर्शन कर रहे हैं ।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: