विहिप ने ‘लव जिहाद’ और गैरकानूनी धर्मांतरण के खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू किया

नयी दिल्ली, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बृहस्पतिवार को यह दावा करते हुए एक राष्ट्रव्यापी ‘‘जनजागरण अभियान’’ शुरू किया कि देशभर में ‘‘लव जिहाद’’ और अवैध धर्मांतरण हो रहे हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अनुषंगी संगठन विहिप के एक महीने लंबे ‘‘जनजागरण अभियान’’ का उद्देश्य ‘‘लव जिहाद’’ के खिलाफ एक ‘‘प्रतिरोधी बल’’ तैयार करना है।

विहिप के संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस अभियान के तहत विहिप की युवा शाखा बजरंग दल बृहस्पतिवार से 10 दिसंबर तक देश के हर प्रखंड में ‘‘शौर्य यात्रा’’ निकालेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘बजरंग दल देश के सभी प्रखंडों में शौर्य यात्रा निकालेगा, ताकि युवाओं में शौर्य की भावना विकसित हो और कोई भी हमारी बहनों एवं बेटियों को ‘‘लव जिहाद’’ का शिकार बनाने की हिम्मत न जुटा पाए।’’

जैन ने कहा कि विहिप 21 से 31 दिसंबर तक ‘‘धर्म रक्षा अभियान’’ भी चलाएगी। उन्होंने कहा कि इस बीच विहिप की महिला शाखा दुर्गा वाहिनी भी लड़कियों को ‘‘लव जिहाद’’ और इसके जाल में फंसने के खिलाफ सचेत करने के लिए अभियान चलाएगी।

जैन ने बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, केरल और दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों/केंद्र-शासित प्रदेशों में पिछले 10 वर्षों में पुलिस द्वारा दर्ज किए गए 400 से अधिक मामलों की सूची जारी की और आरोप लगाया कि उनका संबंध ‘‘लव जिहाद’’ से है।

विहिप नेता ने कहा कि ऐसी स्थिति से निपटने के लिए सरकार के साथ-साथ सामाजिक संगठनों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘‘इस परिदृश्य को देखते हुए, हम आज विहिप के राष्ट्रव्यापी जन जागरण अभियान की शुरुआत की घोषणा कर रहे हैं।’’

जैन ने कहा कि कुल सात राज्यों में धर्मांतरण विरोधी कानून हैं, लेकिन वे देश भर में अवैध धर्मांतरण और‘‘लव जिहाद’’ के खतरे से निपटने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ राज्यों में धर्मांतरण विरोधी कानून होने के कारण ‘‘लव जिहाद’’ के मामले प्रकाश में आए हैं। देश में ‘‘लव जिहाद’’ और अवैध धर्मांतरण को रोकने के लिए एक सख्त केंद्रीय कानून बनाए जाने की जरूरत है।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: