नयी दिल्ली, मार्वल स्टूडियोज की आगामी सुपरहीरो फिल्म “शांग ची एंड द लेजेंड ऑफ द टेन रिंग्स” तीन सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। स्टूडियो ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।
डेनियल डेस्टिन क्रेटोन के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म अंग्रेजी, हिंदी, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म में मुख्य भूमिका में सिमु लियू हैं।
स्टूडियो ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘सभी मार्वल प्रशंसक ध्यान दें। अपने साथियों को साथ लें और तैयार हो जाएं। एक नया दिग्गज उभरने वाला है।”
इसने ट्वीट किया, ‘‘शांग ची एंड द लेजेंड ऑफ द टेन रिंग्स तीन सितंबर को सिनेमाघरों में, अंग्रेजी, हिंदी, तेलुगु और कन्नड़ में होगी रिलीज।”
यह फिल्म एशियाई मूल के व्यक्ति को मुख्य भूमिका में लेकर बनाई गई मार्वल की पहली परियोजना है, जिसमें चीनी-कनाडाई अभिनेता लियू ने मार्शल आर्ट सुपरहीरो के रूप में अभिनय किया है।
“एवेंजर्स: एंडगेम” (2019) की घटनाओं के बाद की कहानी दर्शाने वाली, फिल्म शांग-ची की कहानी दिखाती है, जिसे गैर कानूनी टेन रिंग्स संगठन में खींच लिया जाता है, और उस अतीत का सामना करने के लिए मजबूर किया जाता है जिसके बारे में उसने सोचा था कि वह पीछे छूट गया है।
क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons