शुभेंदु ने पेड़ों की अवैध कटाई पर रोक लगाने के लिए वन अधिकारियों को दिए निर्देश

कोलकाता,  पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों से पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी की तस्करी रोकने के लिए पारदर्शिता के साथ काम करने को कहा। साथ ही उन्होंने रिक्त पदों को भरने के लिए कदम उठाने का निर्देश भी दिया।

            कोलकाता के पूर्वी हिस्से सॉल्ट लेक में वन सप्ताह समारोह का उद्घाटन करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण कार्यक्रम शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

            अधिकारी ने कहा  ‘‘हमने मवेशी तस्करी  सिंडिकेट-राज और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाई है। इसी तरह  वन विभाग को पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी की तस्करी पुलिस बल की मदद से रोकने के लिए काम करना चाहिए।’’

            उन्होंने यह भी माना कि वन विभाग के अधिकारियों को अपने काम में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विभाग के सचिव से बुनियादी ढांचे में सुधार और रिक्त पदों को भरने के लिए प्रस्ताव पेश करने को कहा।

            मुख्यमंत्री ने कहा कि अब से वन रक्षकों की भर्ती पुलिस भर्ती बोर्ड करेगा और रिक्त पदों को कुछ ही महीनों में भर दिया जाएगा।

            उन्होंने दक्षिण-पश्चिमी जिलों में मानव-वन्यजीव संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि जंगलमहल क्षेत्र में हाथियों के संरक्षण और विकास कार्यों के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। जंगलमहल क्षेत्र में झाड़ग्राम  पश्चिम मेदिनीपुर  पुरुलिया और बांकुड़ा जिले शामिल हैं।

            अधिकारी ने कहा  ‘‘पिछली सरकार ने वन विभाग की अनदेखी की थी। हमें ओडिशा और छत्तीसगढ़ से सीखना चाहिए कि इस विभाग को प्राथमिकता कैसे दी जाए।’’

            उन्होंने सभी लोगों से पौधारोपण की अपील करते हुए कहा  ‘‘आइए  हम प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण अनुकूल पश्चिम बंगाल का निर्माण करें।’’

            उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 26 करोड़ पौधे लगाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा  ‘‘हम उत्तर प्रदेश जितने बड़े नहीं हैं  लेकिन इस साल 10 करोड़ पौधे लगा सकते हैं।’’

            मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में एक लाख पौधे लगाने की पहल करने का आह्वान किया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: