संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने इजराइल-गाजा के बीच हुए संघर्ष विराम का स्वागत किया

संयुक्त राष्ट्र, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतेरस ने 11 दिनों के ‘खूनी संघर्ष’ के बाद गाजा और इजराइल के बीच हुए संघर्ष विराम का स्वागत किया है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि इजराइली और फलस्तीनी नेताओं की जिम्मेदारी है कि वे शांति कायम करने से परे जाकर ‘गंभीर वार्ता’ शुरू करें ताकि इस संघर्ष के मूल का समाधान किया जा सके।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुतेरस ने संघर्ष विराम की घोषणा के बाद कहा, ‘‘मैं गाजा और इजराइल के बीच 11 दिनों की खूनी शत्रुता के बाद घोषित संघर्ष विराम का स्वागत करता हूं। मैं हिंसा के पीड़ितों और उनके प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’

गौरतलब है कि 19 मई तक इस संघर्ष में 208 फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है जिनमें करीब 60 बच्चे शामिल हैं। वहीं इजराइल में भी दो बच्चों सहित 12 लोगों की जान गई है।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: