साइबर सुरक्षा तंत्र को विभाजित करने की पेंटागन की योजना की डेमोक्रेट ने की आलोचना

वाशिंगटन, पेंटागन ने उस व्यवस्था को समाप्त करने का प्रस्ताव रखा है जिसमें एक ही सैन्य अधिकारी देश की दो मुख्य साइबर सुरक्षा संस्थाओं का नेतृत्व करता है, लेकिन एक वरिष्ठ डेमोक्रेट ने इस प्रस्ताव की आलोचना करते हुए कहा है कि अमेरिका के सरकारी कंप्यूटर तंत्र पर बड़े स्तर पर साइबर हमले के बीच यह कदम चिंताजनक है।

संसद की सशस्त्र सेवा समिति के अध्यक्ष एडम स्मिथ ने कार्यवाहक रक्षा मंत्री क्रिस्टोफर मिलर को पत्र लिखकर कहा है कि उन्हें अमेरिकी साइबर कमान को राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी से अलग करने के पेंटागन के तरीके पर आपत्ति है।

वर्तमान में दोनों एजेंसियों की अगुवाई सैन्य जनरल पॉल नाकासोने करते हैं।

स्मिथ ने पत्र में लिखा, ‘‘इस तरह की कार्रवाई का हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा पर, विशेष रूप से ऐसे समय में गहरा असर हो सकता है, जब अमेरिका इस देश के इतिहास के सबसे खतरनाक साइबर हमले का सामना कर रहा है।’’

इससे पहले विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने शुक्रवार को कहा था कि साइबर हमले के पीछे ‘साफतौर पर’ रूस का हाथ लगता है। वहीं निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को बिना किसी प्रमाण के कहा था कि साइबर हमले के पीछे रूस नहीं, चीन हो सकता है। 

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया

%d bloggers like this: