हजारों प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करना जरूरी था: रूस सरकार

मॉस्को, रूस की सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी को जेल में डाले जाने के बाद हुए प्रदर्शनों के दौरान हजारों लोगों को इसलिये गिरफ्तार किया गया क्योंकि इन रैलियों के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके अलावा सरकार ने पश्चिमी देशों की ओर से की जा रही आलोचनाओं को भी दरकिनार कर दिया।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव से जब हिरासत में लिये गए लोगों के साथ सख्त बर्ताव के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे अनधिकृत प्रदर्शनों में शामिल होने के लिये जिम्मेदार हैं।

पेस्कोव ने पत्रकारों से कहा, ‘कानून का कार्यान्वयन कराने वाली एजेंसियों ने तनावपूर्ण हालात पैदा नहीं किये बल्कि बिना अनुमति के की गई रैलियों में हिस्सा लेने वालों ने ऐसा किया।’

नवलनी नर्व एजेंट (जहर) हमले के पांच महीने बाद जर्मनी से इलाज कराकर रूस लौटे थे।

पुतिन के मुखर आलोचक नवलनी (44) को 17 जनवरी को गिरफ्तार किये जाने के बाद रूस में विशाल विरोध प्रदर्शन हुए थे।

मॉस्को की एक अदालत ने नवलनी को जर्मनी में इलाज कराने के दौरान जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में दो साल आठ महीने की सजा सुनाई थी।

इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश फैल गया था। साथ ही मॉस्को तथा सेंट पीटर्सबर्ग में जबरदस्त प्रदर्शन हुए थे।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया

%d bloggers like this: