मैसुरु (कर्नाटक), कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बेंगलुरु के एक लोकप्रिय रेस्तरां ‘द रामेश्वरम कैफे’ में हुए विस्फोट के मद्देनजर शनिवार को कहा कि इस घटना को अंजाम देने वाले अपराधी की गतिविधियां कैमरों में दर्ज हो गई हैं जिनकी मदद से उसे पकड़ना आसान होगा।
सिद्धरमैया ने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि पूर्वी बेंगलुरु में ब्रुकफील्ड इलाके में स्थित रेस्तरां में हुई घटना में क्या कोई संगठन शामिल है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘विस्फोट हुआ है। मास्क और टोपी पहने एक व्यक्ति बस से आया। उसने कैफे के काउंटर से ‘रवा इडली’ खरीदी और एक जगह बैठ गया। फिर उसने टाइमर सेट किया और चला गया। विस्फोट हुआ है और करीब नौ लोग (असल में 10) लोग घायल हुए हैं। सभी खतरे से बाहर हैं।’’ उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने शुक्रवार को घटनास्थल का दौरा किया था और शनिवार को वह भी कैफे और उस अस्पताल का दौरा करेंगे जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है। यह पूछे जाने पर कि इस विस्फोट के पीछे क्या किसी संगठन का हाथ है या क्या यह किसी एक व्यक्ति का काम है, सिद्धरमैया ने कहा कि इस बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपराधी को ढूंढ़ लेंगे। अपराधी का पता लगाना आसान होगा क्योंकि उसके बस से उतरने, रेस्तरां से भोजन खरीदने, एक जगह बैठने और बैग रखते हुए के वीडियो एवं तस्वीरें हैं। हम उसे जल्द से जल्द ढूंढ़ लेंगे।’’ वर्ष 2022 में हुए मंगलुरु कुकर विस्फोट और शुक्रवार की घटना के बीच समानता का इशारा करने वाली कुछ रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर सिद्धरमैया ने कहा कि इस मामले में गंभीरता से जांच जारी है।
विपक्ष ने आरोप लगाया है कि सरकार की तुष्टीकरण की राजनीति के कारण यह घटना हुई। विपक्ष की इस आलोचना को लेकर सवाल किए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘उनके समय में बम विस्फोट हुए थे, मंगलुरु कुकर विस्फोट हुआ था, क्या वह भी तुष्टीकरण था?’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।यह पूछे जाने पर कि क्या यह कोई आतंकवादी कृत्य है, मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जांच जारी है। जांच में जो सामने आएगा हम उसके आधार पर कार्रवाई करेंगे।’’ कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने शनिवार को कहा कि पुलिस रामेश्वरम कैफे में हुए बम विस्फोट की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर गौर कर रही है। परमेश्वर ने कहा कि जांचकर्ताओं ने सीसीटीवी फुटेज से कुछ जानकारी एकत्र की है। उन्होंने कहा कि अपराधी को पकड़ने के लिए जांच के तहत शहर की सार्वजनिक परिवहन बसों की फुटेज का भी विश्लेषण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की शनिवार दोपहर को बैठक बुलाई गई। परमेश्वर ने कहा, ‘‘जांच के लिए कई दलों का गठन किया गया है। गहन जांच जारी है। कुछ सुराग मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज से कुछ जानकारी मिली है। उस समय उस मार्ग से 26 बस गुजरी थीं। ऐसी जानकारी है कि वह (संदिग्ध) बस से आया था।’’ गृह मंत्री ने कहा कि फिलहाल यह बताना संभव नहीं है कि इस घटना में कोई संगठन शामिल है या कोई एक व्यक्ति।
इस बात का भी संदेह व्यक्त किया गया है कि किसी ने कैफे की सफलता एवं लोकप्रियता के कारण ‘‘जलन’’ में यह कदम उठाया हो। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी पहलुओं पर गौर करेंगे। चाहे कोई भी पहलू हो, हम उनका सत्यापन करेंगे और विस्फोट करने वाले दोषियों को पकड़ेंगे।’’ भाजपा ने इस घटना को लेकर गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। इस संबंध में सवाल किए जाने पर परमेश्वर ने कहा कि हर बात के लिए इस्तीफा मांगना उन्होंने चलन बना लिया है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common