देहरादून, हरिद्वार में अगले साल होने वाले अर्धकुंभ से पहले गंगा नदी में ट्रैश बूम इंटरसेप्टर लगाया जाएगा ताकि ठोस कचरे से नदी को प्रदूषित होने से रोका जा सके। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हरिद्वार जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि दशहरा से दीवाली तक 18 दिन में ऊपरी गंग नहर को मरम्मत और रखरखाव के लिए बंद किए जाने के दौरान उससे 100 मीट्रिक टन से अधिक कचरा निकाला गया।
अधिकारियों के अनुसार यह तकनीक उत्तराखंड की जलविद्युत परियोजनाओं में इस्तेमाल की जा रही है और अब इसे पहली बार गंगा नदी पर लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह इंटरसेप्टर एक स्थायी संरचना होगी जिसे अमरापुर घाट और जटवाड़ा घाट पर लगाए जाने का प्रस्ताव है।
हरिद्वार नगर निगम के आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि इंटरसेप्टर लगाने के लिए निविदा जारी की गयी है और उम्मीद है कि 2027 के अर्धकुंभ से पहले काम शुरू हो जाएगा।
कुमार ने कहा ट्रैश बूम इंटरसेप्टर एक तैरता हुआ अवरोधक है जो नदी में फेंके गए कचरे जैसे फूल कपड़े प्लास्टिक और अन्य ठोस चीजों को रोक लेता है। इस तकनीक में नहर या नदी के आर-पार एक बूम बैरियर लगा दिया जाता है जो कचरे को एक किनारे की तरफ धकेल देता है। जब कचरा किनारे पर इकट्ठा हो जाता है तो उसे कन्वेयर बेल्ट पर डाल दिया जाता है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पुराने कपड़े और अन्य कचरा नदी में फेंकने के बजाय इसके लिए तय किए गए स्थानों पर जमा करें ताकि नदी की स्वच्छता और पवित्रता बनी रहे। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common