हरियाणा और कर्नाटक ने राष्ट्रीय खेलों में हॉकी के स्वर्ण पदक जीते

हरिद्वार, हरियाणा ने पिछले सत्र की अपनी हार का बदला चुकता करते हुए बृहस्पतिवार को यहां गत चैंपियन मध्य प्रदेश को 4-1 से हराकर राष्ट्रीय खेलों की महिला हॉकी स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। मध्य प्रदेश को ऐश्वर्या चव्हाण ने पांचवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर बढ़त दिलाई लेकिन मध्यांतर के बाद हरियाणा ने जोरदार वापसी करते हुए महिमा चौधरी (37वें मिनट) इशिका (45वें और 50वें मिनट) और मोनिका (55वें मिनट) के गोल की बदौलत जीत दर्ज की। कांस्य पदक के मुकाबले में झारखंड ने महाराष्ट्र को 2-1 से हराया। गोवा में 2023 में हुए राष्ट्रीय खेलों में मध्य प्रदेश ने शूट आउट में हरियाण को 3-0 से हराकर खिताब जीता था। पुरुष वर्ग में कर्नाटक ने बेहद कड़े मुकाबले में उत्तर प्रदेश को 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। फराज खान ने पहले ही मिनट में पेनल्टी कार्नर पर गोल करके उत्तर प्रदेश को बढ़त दिलाई लेकिन कर्नाटक के सामंत सी ने आठवें मिनट में स्कोर 1-1 कर दिया। भरत महालिंगप्पा कुर्ताकोटि (18वें मिनट) और अभारन सुदेश (39वें मिनट) ने इसके बाद पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर कर्नाटक को 3-1 की बढ़त दिलाई। शारदा नंद तिवारी ने 45वें मिनट में उत्तर प्रदेश की ओर से पेनल्टी कॉर्नर पर दूसरा गोल दागा लेकिन अपनी टीम को हार से नहीं बचा पाए।महाराष्ट्र ने पंजाब को 1-0 से हराकर कांस्य पदक जीता।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: