हरियाणा में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होगा: हुड्डा

चंडीगढ़  हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राज्य की नौ लोकसभा सीट पर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच सीधा मुकाबला होगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हुड्डा ने कहा  ‘‘समाज के सभी वर्ग कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं और हमारे उम्मीदवार अच्छे हैं।’’ हरियाणा में कांग्रेस लोकसभा की दस सीट में से नौ पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आठ सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पार्टी ने हालांकि अभी गुरुग्राम सीट पर अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच हुए सीट-बंटवारे के तहत हरियाणा में एक सीट पर ‘आप’ चुनाव लड़ेगी। ‘आप’ को कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट दी गई है। राज्य में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना जताते हुए हुड्डा ने जननायक जनता पार्टी (जजपा) और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) का नाम लिए बगैर दोनों दलों को‘‘वोट काटू’’ बताया।

उन्होंने कहा  ‘‘यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होने जा रहा है।’’ हुड्डा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि अन्य ‘वोट काटू’ (वोट काटने वाली पार्टियां) हैं और ‘‘मतदाता उन्हें खारिज कर देंगे’’।

उन्होंने पहले कहा था कि अजय सिंह चौटाला के नेतृत्व वाली जजपा ने भले ही भाजपा से संबंध तोड़ लिए हों  लेकिन दोनों ‘एक-दूसरे से मिले हुए’ हैं। हुड्डा ने कहा कि बेरोजगारी  महंगाई  कानून-व्यवस्था और किसानों से जुड़े मुद्दे आज ज्वलंत मुद्दे हैं।  हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने कहा कि वे केवल बड़े-बड़े दावे करते हैं  लेकिन उनके पास किसी क्षेत्र में बताने के लिए कोई काम नहीं है। इस बीच  कांग्रेस की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष उदय भान ने भी राज्य में उनकी पार्टी और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना जताई। उन्होंने कहा  ‘‘यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होगा।’’

भान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राहुल गांधी  प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अगले महीने हरियाणा में चुनाव प्रचार करेंगे। यह पूछे जाने पर कि हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा को करनाल लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारने के पीछे क्या सोच है  भान ने कहा  ‘‘वह राज्य में युवा इकाई के अध्यक्ष हैं। हमारे कई नेता युवा कांग्रेस और एनएसयूआई से आए हैं।’’ उन्होंने कहा  ‘‘राज्य में उनकी (बुद्धिराजा) बहुत अच्छी टीम है और युवाओं को मौका देना होगा। इसलिए  उनके पास बहुत अच्छा मौका है।’’

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को हरियाणा की आठ लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवार घोषित किए  जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा और राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा प्रमुख नाम हैं। सैलजा को सिरसा से और दीपेंद्र हुड्डा को रोहतक से प्रत्याशी बनाया गया है।

  पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार  उसने दिव्यांशु बुद्धिराजा को करनाल लोकसभा क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा है।अंबाला से वरुण चौधरी  हिसार से जयप्रकाश  भिवानी- महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह  सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी और फरीदाबाद से महेंद्र प्रताप को पार्टी का टिकट दिया गया है।विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दल आम आदमी पार्टी (आप) कुरुक्षेत्र सीट से चुनाव लड़ रही है और उसने अपनी राज्य इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता को मैदान में उतारा है।

इनेलो और जजपा सभी 10 सीट पर चुनाव लड़ रही हैं और ये दल पहले ही कई सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुके हैं।हरियाणा की सभी दस लोकसभा सीट पर छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा। 

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: