चंडीगढ़, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित भारत-2047 के दृष्टिकोण को हासिल करने में किसान युवा महिलाएं और आधुनिक तकनीक अहम भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि बागवानी कृषि-व्यवसाय शीत श्रृंखला बुनियादी ढांचा खाद्य प्रसंस्करण और कृषि निर्यात के क्षेत्र में हरियाणा को देश का अग्रणी राज्य बनाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने सामूहिक प्रयास का आह्वान करते हुए सभी संबंधित लोगों से आग्रह किया कि वे कृषि को अधिक टिकाऊ आधुनिक और लाभदायक बनाने जल संरक्षण को जन-आंदोलन में बदलने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में मिलकर काम करें।
सैनी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पंचकूला में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) द्वारा वित्तपोषित 2 738 करोड़ रुपये की टिकाऊ बागवानी प्रोत्साहन परियोजना की शुरुआत की और हरियाणा कृषि-व्यवसाय और शीत श्रृंखला केन्द्र की आधारशिला रखी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये दोनों पहल न केवल किसानों की आय बढ़ाएंगी बल्कि हरियाणा के कृषि पारिस्थिकी तंत्र को एक आधुनिक टिकाऊ और उच्च-मूल्य वाले क्षेत्र में बदलने में मील का पत्थर साबित होंगी।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common