चंडीगढ़, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने जा रही है जिससे मासिक वित्तीय सहायता के दायरे में अधिक संख्या में महिलाएं आएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वार्षिक पारिवारिक आय पात्रता को एक लाख रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये किए जाने के साथ ही यह योजना अधिक महिलाओं तक पहुंचेगी और उनकी वित्तीय सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगी।
दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2 100 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता दी जा रही है। सैनी ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की गई थी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत लाभ पाने वाली या इसके लिए पंजीकरण कराने वाली किसी भी महिला को किसी अन्य सरकारी योजना के तहत मिलने वाले लाभ से वंचित नहीं किया जाएगा। सैनी ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेता यह दावा करके महिलाओं के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पंजीकरण कराने से पेंशन सहित अन्य लाभ बंद हो जाएंगे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार सैनी ने स्पष्ट किया कि ऐसे दावों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पंजीकरण कराने वाली या लाभ प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं को अन्य सरकारी योजनाओं के तहत पहले की तरह लाभ मिलता रहेगा।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common