हरियाणा : ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत महिलाओं को 2,100 रुपये की मासिक सहायता देने का फैसला

चंडीगढ़, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में 25 सितंबर से ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ लागू करने की घोषणा की जिसके तहत पात्र महिलाओं को 2 100 रुपये की मासिक सहायता दी जाएगी। ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ लागू करना हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी वादों में शामिल था। सैनी ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद इस फैसले की घोषणा की। सैनी ने बताया कि मंत्रिमंडल ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लागू करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यह योजना दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के दिन यानी 25 सितंबर से लागू होगी। सैनी के मुताबिक इस योजना के तहत सभी पात्र महिला लाभार्थियों को हर महीने 2 100 रुपये की वित्तीय सहायता मुहैया कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 सितंबर से 23 साल और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि चाहे विवाहित हों या अविवाहित दोनों श्रेणियों की महिलाओं को इस योजना का फायदा हासिल होगा। सैनी के अनुसार ‘‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के पहले चरण में हमने उन परिवारों को शामिल करने का फैसला लिया है जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है।’’

उन्होंने कहा “हमारा अनुमान है कि पहले चरण में लगभग 19-20 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।” मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में इस योजना का चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जाएगा ताकि अधिक आय वर्ग के परिवारों की महिलाओं को भी इसमें शामिल किया जा सके।उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए अविवाहित महिला का या फिर अगर वह विवाहित है तो उसके पति का 15 वर्षों से हरियाणा का निवासी होना आवश्यक है।

सैनी के मुताबिक परिवार में महिला लाभार्थियों की संख्या के लिए कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है और अगर किसी परिवार में तीन पात्र महिलाएं हैं तो तीनों को इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिस दिन कोई अविवाहित लाभार्थी 45 वर्ष की आयु पूरी कर लेगी वह खुद-ब-खुद सरकार की विधवा एवं निराश्रित महिला वित्तीय सहायता योजना के लिए पात्र हो जाएगी।

सैनी के अनुसार जिस दिन कोई विवाहित लाभार्थी महिला 60 साल की आयु की हो जाएगी वह स्वतः ही वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन योजना के लिए पात्र हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य मंत्रिमंडल ने महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा और सम्मान के लिए इस योजना को लागू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा “हम न केवल इस योजना की गजट अधिसूचना जारी करेंगे बल्कि एक ऐप भी लॉन्च करेंगे जिसके जरिये पात्र महिलाएं घर बैठे इस योजना के लिए आवेदन कर सकेंगी।”

सैनी ने कहा कि पात्र महिलाओं की सूची सभी पंचायतों और वार्डों में प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने बताया कि ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत महिलाओं को 2 100 रुपये की मासिक सहायता देने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में 5 000 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: