शिमला, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला जिले के ठियोग उपमंडल के पराला में 100.42 करोड़ रुपये की लागत से बने फल प्रसंस्करण संयंत्र का उद्घाटन किया।
उन्होंने यहां जारी बयान में कहा कि इस संयंत्र में वाइन, सिरका और जूस का उत्पादन किया जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि स्थानीय उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले। उन्होंने कहा कि यह संयंत्र इस क्षेत्र और इसके फल उद्योग के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए सुक्खू ने कहा कि इस वर्ष भारी बारिश के कारण आई आपदा ने जमकर कहर बरपाया और विशेषकर प्रदेश के सेब वाले क्षेत्रों में संपर्क सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, ‘‘हमारी सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर इन सड़कों को बहाल किया, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि उपज समय पर बाजार में पहुंचे, जिससे बागवानों को वित्तीय नुकसान से बचाया जा सके।’’
राज्य सरकार ने सेब के समर्थन मूल्य में 1.50 रुपये की ऐतिहासिक वृद्धि की घोषणा की, जो अब 12 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार सेब की खरीद किलोग्राम के आधार पर की गई है और यूनिवर्सल कार्टन प्रणाली लागू की जा रही है ताकि बागवानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बागवानों के उत्थान और सुविधा के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए भावनगर, संदासु, अनु, चौपाल, जाबली, सुंदरनगर, दत्तनगर और खड़ापत्थर में आठ ग्रेडिंग व पैकिंग हाउस, नियंत्रित वातावरण (सीए) और कोल्ड स्टोर स्थापित किए जा रहे हैं।’’
बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि इस इकाई में विभिन्न प्रसंस्कृत उत्पादों का उत्पादन किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि पराला संयंत्र, क्षेत्र में समृद्धि लाएगा और बागवानों को उनकी उपज के अच्छे दाम मिलेंगे।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common