हेमन्त सरकार में डायन बिसाही के बढ़ते मामले चिंताजनक-भाजपा

रांची, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई ने हेमन्त सोरेन सरकार को कानून व्यवस्था के सभी मोर्चो पर विफल बताते हुए आरोप लगाया है कि पिछले 14 महीने में ही डेढ़ दर्जन से ज्यादा डायन हत्या के मामले दर्ज किये गये हैं।

भाजपा की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर ने हेमन्त सरकार में डायन बिसाही के मामलों में बढ़ोतरी होने का आरोप लगाते हुए कहा,‘‘राज्य में डायन बिसाही के नाम पर महिलाओं पर जुल्म बढ़ गया है। महिलाओं को डायन के नाम पर पीटा जा रहा है। डेढ़ दर्जन से ज्यादा महिलाओं की हत्या हो चुकी है। हेमन्त सरकार इस बुराई को रोक पाने में विफल साबित हुई है।’’

उन्होंने कहा कि हेमन्त सरकार को कोई फर्क नही पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिला दिवस के मौके पर एक तरफ दुनिया में महिलाओं को सम्मान दिया जा रहा था वहीं दूसरी ओर झारखंड के पाकुड़ स्थित आमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के भाटीकांदर निवासी सोना मरांडी की डायन बिसाही के शक में शरीर के छरू टुकड़े कर हत्या कर दी गयी और बांसलाई नदी में उसके शव को फेंक दिया गया।

उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

उन्होंने कहा ,‘‘हेमन्त सरकार में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार से राज्य की महिलाएं डर के साये में जीने को मजबूर है। प्रत्येक दिन पांच से ज्यादा महिलाओं के साथ दुष्कर्म का आंकड़ा डराने वाला है। यह आंकड़ा देश भर के राज्यों में सबसे ऊपर है। यह राज्य सरकार और सरकारी तंत्र के फेल होने एवं कानून व्यवस्था के डर का समाप्त होने का संकेत है।’’

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: