होर्मुज की रक्षा में मदद करने के ट्रंप के आह्वान पर चीन का जवाब

बीजिंग, चीन ने सभी पक्षों से पश्चिम एशिया में सैन्य अभियान तुरंत रोकने का आह्वान किया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अंतरराष्ट्रीय परिवहन के लिए खुला रखने में चीन सहित अन्य देशों से सहयोग करने का आह्वान किया था जिसके जवाब में बीजिंग ने यह टिप्पणी की।

अमेरिका और इजराइल के हवाई हमलों के जवाब में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को निशाना बनाया जिससे वैश्विक ऊर्जा के प्रवाह और व्यापार पर विनाशकारी प्रभाव पड़ा है। ईरान के हमलों से तेल आपूर्ति में अब तक की सबसे बड़ी बाधा उत्पन्न हुई है और वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं।

चीन ने यह भी कहा कि वह इस महीने के अंत में ट्रंप की बीजिंग यात्रा को लेकर अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है।

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने ट्रंप के जलडमरूमध्य को ‘खुला और सुरक्षित’ रखने के लिए युद्धपोत तैनात करने के आह्वान पर यहां प्रेसवार्ता में कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के जलक्षेत्र में हालिया तनाव ने माल व अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा के प्रवाह को प्रभावित किया है तथा क्षेत्रीय शांति व वैश्विक स्थिरता को नुकसान पहुंचाया है।

लिन ने कहा कि चीन एक बार फिर सभी पक्षों से सैन्य अभियानों को तत्काल रोकने का आह्वान करता है ताकि तनाव को और बढ़ने से रोका जा सके तथा क्षेत्रीय अशांति का वैश्विक आर्थिक विकास पर व्यापक प्रभाव न पड़े।

ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि वह महीने के अंत में होने वाली अपनी चीन यात्रा को स्थगित कर सकते हैं जिसपर लिन ने कहा कि बीजिंग और वाशिंगटन दोनों अमेरिकी राष्ट्रपति की यात्रा के बारे में बातचीत कर रहे हैं।

ऐसा माना जा रहा है कि ट्रंप की इस टिप्पणी का संबंध स्पष्ट रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने में मदद करने की उनकी अपील पर बीजिंग की प्रतिक्रिया से है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: