अमरावती, आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ विधेयक को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी का स्वागत किया और इसे आकांक्षी भारत के निर्बाध विकास के लिए एक बड़ा कदम बताया। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ‘एक देश एक चुनाव’ को लागू करने संबंधी विधेयकों को बृहस्पतिवार को मंजूरी दे दी और मसौदा कानून मौजूदा शीतकालीन सत्र में संसद में पेश किए जाने की संभावना है।
यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ‘‘केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा मंजूर ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ विधेयक निर्बाध विकास के लिए आकांक्षी भारत की ओर से एक बड़ा कदम है। इससे भी अधिक जब हमारे राष्ट्र ने 2047 तक विकसित भारत को साकार करने का संकल्प लिया है तब हम विदेशी भूमिका (शासन) से अपनी आजादी के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाएंगे।’’
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार विधेयक को मंजूरी मिलना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण का नतीजा है। उन्होंने कहा कि देश भर में साल भर लोकसभा राज्य विधानसभाओं और स्थानीय निकायों के चुनाव होने से विकास प्रक्रिया पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और भारी खर्च भी हो रहा है।
यादव ने कहा ‘‘हमारे पास विकसित देशों की बराबरी करने के लिए समय नहीं है। ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ का संकल्प 145 करोड़ भारतीयों के एकजुट प्रयास से हमारे देश को विकसित भारत बनाने की ओर ले जाता है।’’
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common