इंडिया मोबाइल कांग्रेस का 10वां संस्करण सात से 10 अक्टूबर को

 नयी दिल्ली,  केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि दूरसंचार उद्योग के कार्यक्रम इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण का आयोजन इस वर्ष सात से 10 अक्टूबर तक किया जाएगा। एक बयान में यह जानकारी दी गयी।           इन तिथियों की घोषणा स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित वैश्विक दूरसंचार कार्यक्रम मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में की गई।

             यहां जारी एक बयान के अनुसार  सिंधिया ने तिथि की घोषणा करते हुए कहा  ‘‘भारत दूरसंचार परिवर्तन के एक दशक को पूरा कर रहा है। इसी के साथ इंडिया मोबाइल कांग्रेस भी अपने 10वें संस्करण में प्रवेश कर रहा है  जो वैश्विक पेशकश  स्टार्टअप की खोज  साझेदारी और उद्योग-सरकार गठजोड़ को सक्षम बनाएगा।’’

             इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) के आयोजकों द्वारा जारी बयान के अनुसार  सिंधिया ने कहा कि आईएमसी की यात्रा ‘कनेक्टिविटी’ से ‘इंटेलिजेंस’ और पहुंच से प्रभाव तक भारत की अपनी डिजिटल यात्रा को दर्शाती है। इस संस्करण में एआई-आधारित नेटवर्क  स्मार्ट उद्योग  स्टार्टअप नवाचार और वैश्विक साझेदारियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

             मंत्री ने कहा  ‘‘भारत उन चुनिंदा देशों में से एक है जिसने अपना स्वदेशी  क्लाउड-आधारित मुकम्मल 4जी प्रौद्योगिकी ढांचा विकसित किया है  जिसे 5जी में उन्नत किया जा सकता है। यह हमें न केवल उन्नत नेटवर्क के उपयोगकर्ता के रूप में  बल्कि उनके निर्माता के रूप में भी स्थापित करता है।’’

             उन्होंने कहा  ‘‘यह दूरसंचार उत्पादों  मंचों और समाधानों के लिए एक विश्वसनीय वैश्विक स्रोत के रूप में उभर रहा है।’’

             दूरसंचार विभाग और उद्योग निकाय सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) द्वारा आयोजित  आईएमसी 2026 में 100 से अधिक देशों के नीति निर्माता  उद्योगपति  वैश्विक उद्यम  स्टार्टअप और निवेशक एक मंच पर आएंगे।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: