हरिद्वार, योगगुरु स्वामी रामदेव ने इजराइल अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इस नाजुक समय में हमारे नेताओं को संयम बरतना चाहिए और ऐसा कोई काम नहीं करना चाहिए जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की फजीहत हो।
पतंजलि योग पीठ में अपने अनुयायियों के साथ जमकर फूलों की होली खेलने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में स्वामी रामदेव ने कहा कि इस समय दुनिया बड़े नाजुक दौर से गुजर रही है जहां रूस—यूक्रेन और अब इजराइल—अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष ने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है ।
उन्होंने कहा कि ऐसे में हमारे धार्मिक और राजनीतिक नेताओं को संयम बरतना चाहिए और भारत की कूटनीति एवं विदेश नीति की आलोचना करने से बचना चाहिए । स्वामी रामदेव ने कहा हमारे बीच वैचारिक मजहबी जातीय मतभेद हो सकते हैं मगर इन्हे मनभेद नहीं बनाना चाहिए। ऐसे नाजुक दौर में हमें कोई ऐसा काम नहीं करना चाहिए जिससे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दुनिया में भारत की फजीहत हो और देश को नुकसान उठाना पड़े ।
उन्होंने कहा कि भारत के एक करोड़ से ज्यादा लोग इस समय ईरान और उसके आसपास के देशों में फंसे हुए हैं जो बड़े पैमाने पर देश की आर्थिक समृद्धि में योगदान देते है । उन्होंने कहा कि इस समय हमें इस बात कि चिंता करनी चाहिए कि युद्ध की भीषण त्रासदी से पश्चिम एशिया को कैसे उबारा जाये क्योंकि यह पूरी दुनिया के लिए खतरे की घंटी हैं ।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common