उत्तराखंड में कोविड के दो नए मामले सामने आए

देहरादून, उत्तराखंड में कोविड-19 से संक्रमण के दो नए मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। स्वास्थ्य सचिव राजेश कुमार ने कहा कि पहला मामला मैक्स अस्पताल में जांच के बाद सामने आया जबकि दूसरा मामला दून अस्पताल में आया।

उन्होंने बताया कि एक मरीज की उम्र 77 साल है जबकि दूसरी मरीज 72 वर्षीय महिला हैं।

कुमार ने कहा कि दोनों मरीजों के नमूने जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजे गए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वे कोविड के जेएन.1 संस्करण से संक्रमित हैं।

उन्होंने कहा कि मैक्स अस्पताल में अन्य बीमारियों का इलाज करा रहे व्यक्ति को छुट्टी दे दी गई है और वह घर पर पृथक-वास में है। उन्होंने कहा, वह मेडिकल टीम की निगरानी में हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।’’

कुमार ने बताया कि दून अस्पताल में संक्रमित मिलीं महिला को कोविड वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग कोविड बीमारी के प्रबंधन के लिए पूरी तरह से तैयार है और चिंता करने की कोई वजह नहीं है।

उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारियों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्सा अधीक्षकों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: