एमसीडी अपने 1,500 स्कूलों में शिक्षकों को डिजिटल उपकरणों का प्रशिक्षण देगी

नयी दिल्ली, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) अपने 1 514 स्कूलों के शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए कैनवा के साथ मिलकर एक नयी पहल शुरू करेगा जिसका उद्देश्य डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देना और कक्षाओं को अधिक रोचक बनाना है। अधिकारियों के अनुसार इस पहल के तहत शिक्षक चित्र चार्ट ग्राफ और इन्फोग्राफिक्स तैयार कर पढ़ाई को अधिक रोचक और प्रभावी बना सकेंगे।

यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप है जिसके तहत राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की अध्ययन सामग्री को भी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा ताकि शिक्षक उसे डिजिटल रूप में बदलकर छात्रों को बेहतर तरीके से समझा सकें।

एमसीडी की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगश वर्मा ने कहा कि इस पहल के जरिए प्राथमिक स्कूलों के शिक्षक और छात्रों को बिना किसी शुल्क के विश्वस्तरीय क्रिएटिव टूल्स के प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरुआत 28 मार्च को होने की संभावना है जिसमें भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं। इस दौरान शिक्षकों के लिए दो घंटे का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा जिसमें कैनवा की टीम उन्हें प्लेटफॉर्म के प्रमुख फीचर और टूल्स से परिचित कराएगी।

एमसीडी का मानना है कि इस पहल से पारंपरिक कक्षाओं को आधुनिक और रचनात्मक बनाया जा सकेगा जिससे छात्रों में रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित होगी। कैनवा ऑस्ट्रेलिया स्थित एक बहुराष्ट्रीय सॉफ्टवेयर कंपनी है जिसका प्लेटफॉर्म उपयोगकर्ताओं को रोचक प्रेजेंटेशन और डिजिटल सामग्री बनाने में मदद करता है। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: