कांग्रेस ने झूठ और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया : मुख्यमंत्री

जयपुर, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि कांग्रेस ने झूठ और भ्रष्टाचार के अलावा देश और प्रदेश को कुछ नहीं दिया है। वह जयपुर में पार्टी की उम्मीदवार मंजू शर्मा की नामांकन रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘यह कांग्रेस के लोग जिस तरह से चुनाव आते ही अफवाह फैलाने का काम करते हैं .. झूठ बोलने का काम करते हैं.. इन्होंने सिवाय झूठ के और भ्रष्टाचार के इस देश को और प्रदेश को कुछ नहीं दिया।’

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। इसकी कहानी भ्रष्टाचार से प्रारंभ होती है और भ्रष्टाचार पर जाकर खत्म हो जाती है.. ये तुष्टिकरण के आधार पर चलने वाले है।’

शर्मा ने कहा कि राजस्थान की जनता अब कांग्रेस को समझ चुकी हैं और उसे लोकसभा चुनाव में विधानसभा से भी बड़ा सबक सिखाने वाली है।

कांग्रेस द्वारा अन्य पार्टियों से गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए शर्मा ने कहा, ‘जो एक-एक, दो-दो सीट वाले हैं, उनको बुला रहे हैं.. आप आइये.. आप हमसे समझौता करिये.. हमारी पार नहीं पड़ रही है.. हो सकता है आपके साथ होकर वोटो का अंतर कर लें। यह राजस्थान की जनता जान चुकी है.. राजस्थान की जनता कांग्रेस के किसी भी बहकावे में नहीं आने वाली है। यह कांग्रेस को विधानसभा से बड़ा सबक राजस्थान की जनता लोकसभा में सिखाने वाली है।’  वहीं अलवर में भाजपा उम्मीदवार भूपेन्द्र यादव की नामांकन रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर परिवारवाद का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा,’कांग्रेस को अगर चिंता है.. और कांग्रेस के नुमाइंदों को चिंता है तो सिर्फ अपने बेटों की है.. उधर सोनिया गांधी जी को अपने बेटे की चिंता है और इधर अशोक गहलोत जी को अपने बेटे की चिंता है।’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: