नयी दिल्ली, राष्ट्रपति भवन में रविवार को एक इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल ने हिट गीत क्या करूं हाय कुछ-कुछ होता है… गाकर साबित कर दिया कि उस देश में भी बॉलीवुड का प्रभाव है तथा हिंदी फिल्में वहां भी लोकप्रिय हैं। शाहरुख खान काजोल और रानी मुखर्जी अभिनीत फिल्म कुछ-कुछ होता है भारत में प्रदर्शित होने के तीन साल बाद 2001 में इंडोनेशियाई सिनेमाघरों में दिखायी गयी थी। वर्ष 1998 में प्रदर्शित इस हिंदी फिल्म ने उस समय भी इंडोनेशियाई लोगों को प्रभावित किया था और उसकी लोकप्रियता आज भी बरकरार है। इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल ने 76वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के सम्मान में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा यहां आयोजित भोज में कुछ कुछ होता है गाकर मेहमानों को आश्चर्यचकित कर दिया। राष्ट्रपति भवन में मौजूद मेहमानों ने तालियों से उनका स्वागत किया। काजोल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उसका वीडियो साझा कर कहा कि वह खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही है। फिल्म कुछ कुछ होता है से पहली बार निर्देशक बने करण जौहर ने भी ‘इंस्टाग्राम’ पर वह वीडियो साझा किया। इंडोनेशियाई मीडिया संस्थान ‘वीकेंड लीडर’ ने द मैजिक ऑफ़ बॉलीवुड: एट होम एंड अब्रॉड पुस्तक के हवाले से कहा कि कुछ कुछ होता है फिल्म की सफलता के बाद इंडोनेशिया में भारतीय फिल्मों की लोकप्रियता बढ़ी। इस फिल्म की कामयाबी से इंडोनेशिया में साफ-सुथरी पारिवारिक फिल्मों की शुरुआत हुई जहां पहले ‘एक्शन’ फिल्मों का जोर था।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common