नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले सोमवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी किया जिसमें महिलाओं को मासिक 2 100 रुपये 24 घंटे स्वच्छ पेयजल बुजुर्गों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं और छात्रों के लिए मेट्रो के किराए में 50 प्रतिशत तक छूट जैसे कई वादे किए गए हैं। केजरीवाल ने कहा कि अगर पार्टी पांच फरवरी के चुनाव में सत्ता में वापसी करती है तो मुफ्त शिक्षा स्वास्थ्य सेवा महिलाओं के लिए बस यात्रा पानी बिजली समेत आप सरकार की मौजूदा छह ‘रेवड़ियां’ जारी रहेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आप की सभी मुफ्त योजनाओं को बंद कर देगी। उन्होंने दावा किया कि इसके परिणामस्वरूप दिल्ली के लोगों पर हर महीने 25 000 रुपये का मासिक बोझ बढ़ जाएगा। ‘‘केजरीवाल की गारंटी’’ शीर्षक से पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने एक ‘गारंटी कार्ड’ पर हस्ताक्षर किया और संकल्प जताया कि राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनते ही आप महिलाओं को हर महीने 2 100 रुपये देगी। गारंटी कार्ड में लिखा है ‘‘मैं अरविंद केजरीवाल गारंटी देता हूं कि जैसे ही आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी मैं सबसे पहले अपनी माताओं और बहनों के लिए ‘महिला सम्मान राशि योजना’ शुरू करूंगा।’’ केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आप के वादा-आधारित शासन की नकल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा ‘‘हमने देश में सबसे पहले ‘गारंटी’ शब्द गढ़ा। भाजपा ने इसे चुरा लिया लेकिन अंतर यह है कि हम अपनी गारंटी पूरी करते हैं जबकि वे नहीं करते।’’ केजरीवाल ने मतदाताओं से अपील की कि वे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर भाजपा के ‘कमल’ बटन के बजाय धन और समृद्धि की देवी देवी लक्ष्मी से जुड़े ‘आप’ के (चुनाव चिन्ह) ‘झाड़ू’ का बटन दबाएं। घोषणापत्र में 15 ‘गारंटी’ का जिक्र है जिसमें केजरीवाल ने अपनी पहली ‘गारंटी’ के रूप में दिल्ली के निवासियों के लिए रोजगार सृजन के ‘‘ठोस’’ कदम का वादा किया है। दूसरी ‘गारंटी’ महिलाओं को 2 100 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता का आश्वासन देती है जबकि तीसरी ‘गारंटी’ वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘संजीवनी योजना’ के तहत मुफ्त स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना है। चौथी ‘गारंटी’ में बकाया ‘‘बढ़े हुए’’ पानी के बिल को माफ करने का वादा किया गया है जबकि पांचवीं ‘गारंटी’ राष्ट्रीय राजधानी के हर घर में 24 घंटे स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति की है। अन्य प्रमुख वादों में प्रदूषित यमुना नदी को साफ करने और दिल्ली की सड़कों को विश्व स्तरीय बनाने की प्रतिबद्धता शामिल है। ‘बाबासाहेब आंबेडकर छात्रवृत्ति योजना’ के तहत आप ने विदेश में अध्ययन करने के लिए अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचति जनजाति (एसटी) के छात्रों को छात्रवृत्ति देने का वादा किया है। मुफ्त बस यात्रा और मेट्रो किराए में 50 प्रतिशत की छूट का लाभ पुरुष छात्रों को भी होगा। घोषणापत्र में पुजारियों और गुरुद्वारा ग्रंथियों को 18 000 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता और किरायेदारों को मुफ्त बिजली एवं पानी का लाभ देने का वादा किया गया है। इसके अलावा आप ने दिल्ली की ‘सीवेज’ (अवजल) प्रणाली में सुधार करने प्रणाली से बाहर रह गए लोगों को राशन कार्ड जारी करने और ऑटो एवं कैब चालकों को वित्तीय सहायता देने का वादा किया है। पार्टी ने उनकी बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपये और 10 लाख रुपये का बीमा कवरेज देने का भी वादा किया है। गारंटी के मुताबिक रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को सुरक्षा गार्ड रखने और स्थानीय सुरक्षा चिंताओं को दूर करने के लिए भी धन दिया जाएगा। केजरीवाल ने जोर देकर कहा कि अगर आप सत्ता में आती है तो आप की मौजूदा मुफ्त कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी जो दिल्ली के निवासियों को लगभग 25 000 रुपये प्रति माह का लाभ प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा ‘‘भाजपा ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि अगर वे सत्ता में आते हैं तो वे इन सभी योजनाओं को बंद कर देंगे। मैं दिल्ली के लोगों से पूछना चाहता हूं अगर भाजपा इन लाभों को बंद कर देती है तो क्या आप इसका खर्च उठा पाएंगे ’’ दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे। इन चुनावों को आप सरकार के शासन मॉडल पर जनमत संग्रह के रूप में देखा जा रहा है जो मुफ्त कल्याणकारी योजनाओं पर बहुत अधिक निर्भर है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common