हांगकांग, अर्ध-स्वायत्त चीनी शहर हांगकांग में कोरोना वायरस से संक्रमण के नए मामलों में वृद्धि होने के मद्देनजर तीन साल तक के बच्चों को टीका लगाने की योजना बनायी गयी है।
यह घोषणा रविवार को देर रात की गयी। अधिकारियों के अनुसार सोमवार को शहर में संक्रमण के 2,071 नए मामले सामने आए। इस संख्या में आने वाले दिनों में तेजी से वृद्धि होने की आशंका है।
नगर में महामारी की नयी लहर के लिए वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप को कारण बताया गया है और लोगों के एकत्र होने को लेकर पहले ही प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। हांगकांग में हेयर सैलून से लेकर किराने की दुकानों में लोग उमड़ रहे हैं और वे स्टॉक एकत्र कर रहे हैं। शहर के स्कूलों में कक्षाओं में पढ़ाई छह मार्च तक स्थगित कर दी गयी है।
अधिकारियों ने उन आवासीय भवनों को बंद कर दिया है, जहां संक्रमण के अधिक मामले सामने आए हैं। शॉपिंग मॉल और सुपरमार्केट में केवल टीकाकरण कराने वाले लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा, जबकि पूजा स्थलों, हेयर सैलून और अन्य व्यवसायों को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
तीन साल और उससे अधिक उम्र के बच्चों को मंगलवार से चीनी कंपनी सिनोवैक के टीके लगाए जाएंगे। इससे पहले की खबर में कहा गया था कि तीन साल से कम के बच्चों को सिनोफार्म टीके लगाए जाएंगे।
हांगकांग ने अपनी 73 प्रतिशत पात्र आबादी का पूर्ण टीकाकरण कर लिया है, जिनमें बच्चे शामिल नहीं हैं।
हांगकांग की आबादी करीब 75 लाख है और अभी 7,000 से अधिक लोग कोविड बीमारी का इलाज करा रहे हैं या अस्पतालों में भर्ती किए जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। शहर में वायरस से संक्रमण के कुल 25,000 मामले सामने आए हैं और करीब 220 लोगों की मौत हुयी है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : AP Photo