सुकमा छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में 22 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुकमा जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के अंतर्गत आज एक महिला नक्सली समेत 22 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने राज्य शासन की पुनर्वास नीति और पुलिस के बढ़ते प्रभाव तथा ‘पूना मारगेम- पुनर्वास से पुनर्जीवन’ अभियान से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में जारी नक्सल-रोधी अभियानों नए सुरक्षा शिविरों की स्थापना और विकास कार्यो की बढ़ती पहुंच के कारण माओवादी संगठन का प्रभाव लगातार कम हो रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को राज्य शासन की पुनर्वास नीति छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण/पीड़ित राहत पुनर्वास नीति -2025 के तहत 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और अन्य सुविधाएं दी जाएगी। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common