श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली में प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर बड़ी संख्या में युवाओं के विरोध प्रदर्शन को नजरअंदाज नहीं कर सकती और उसे बातचीत करके उनकी ‘‘नाराजगी’’ दूर करनी चाहिए।
अब्दुल्ला ने यहां पत्रकारों से कहा ‘‘किसी न किसी समय उनसे बातचीत करनी होगी। इतनी बड़ी संख्या में युवाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।’’
उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन की शुरुआत में कुछेक लोगों के शामिल होने पर कुछ लोगों ने आंदोलन का मजाक उड़ाया था।
अब्दुल्ला ने कहा कि उनके साथ कोई नहीं है लाखों लोग सोशल मीडिया पर हैं लेकिन सड़कों पर आने के लिए तैयार नहीं हैं।
उन्होंने कहा ‘‘अब दिल्ली की स्थिति आपके सामने है। आज नयी दिल्ली का एक बड़ा हिस्सा बंद है। यहां तक कि कल रात भी जंतर-मंतर के पास आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया।’’
अब्दुल्ला ने कहा कि युवाओं में स्पष्ट रूप से एक ‘‘नाराजगी’’ है जिसे अब तक नजरअंदाज किया गया है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common