जम्मू-कश्मीर में लगातार सतर्कता बनाए रखें, खुफिया-आधारित अभियान तेज करें: सेना प्रमुख

श्रीनगर, सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खतरों से निपटने के लिए लगातार सतर्कता बरतने और बेहतर खुफिया आधारित अभियानों की जरूरत पर जोर दिया है। जनरल सेठ ने कुपवाड़ा और बडगाम समेत उत्तर और मध्य कश्मीर के अग्रिम इलाकों का दौरा किया और क्षेत्र में तैनात बलों की अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की। अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (एडीजीपीआई) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ‘‘जनरल सेठ ने श्रीनगर स्थित चिनार कोर के तहत राष्ट्रीय राइफल्स के सेक्टर मुख्यालय का दौरा किया और आतंकवाद रोधी अभियानों के लिए अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की।’’

सेना प्रमुख को मौजूदा सुरक्षा स्थिति और आतंकवादी खतरों का ‘‘पता लगाने इन्हें रोकने और निर्णायक तरीके से’’ जवाब देने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी गई। सभी रैंक के जवानों की पेशेवर क्षमता प्रतिबद्धता और उच्च स्तर की अभियानगत तैयारियों की सराहना करते हुए जनरल सेठ ने उन्हें लगातार सतर्क रहने खुफिया-आधारित अभियानों को और बेहतर बनाने तथा उभरते खतरों का तेजी से और सटीक तरीके से जवाब देने की क्षमता बनाए रखने का आह्वान किया।

पोस्ट में कहा गया है कि उन्होंने स्थिति की बेहतर समझ विकसित करने और आतंकवाद रोधी समग्र प्रतिक्रिया को मजबूत करने के लिए सभी हितधारकों के साथ निर्बाध तालमेल और करीबी समन्वय के महत्व पर भी जोर दिया। जनरल सेठ ने खतरों को लेकर सतर्क रहने अभियानों पर निरंतर ध्यान बनाये रखने और स्थानीय आबादी की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए समन्वित एवं संतुलित प्रतिक्रिया देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सेना प्रमुख का यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब मध्य और उत्तर कश्मीर में आतंकवाद रोधी अभियान तेज किए गए हैं। इस महीने की शुरुआत में सेना ने बडगाम जिले के यूसमर्ग के घने जंगल क्षेत्र में चलाए गए एक अभियान के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक शीर्ष कमांडर को मार गिराया था। उसकी पहचान पाकिस्तानी नागरिक यासिर के रूप में हुई थी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: