ताइवान सौदे को लेकर रेथियॉन, लॉकहीड पर नये प्रतिबंध लगाए जाएंगे :चीन

ताइपे, चीन ने सोमवार को कहा कि वह ताइवान को हथियारों की बिक्री के कारण अमेरिकी रक्षा कंपनी रेथियॉन टेक्नोलॉजीज और लॉकहीड मार्टिन पर नए प्रतिबंध लगाएगा।

चीन के इस कदम से सुरक्षा एवं बीजिंग की सामरिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर अमेरिका के साथ विवाद बढ़ सकता है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने दैनिक प्रेस ब्रीफिंग में इस कदम की घोषणा की, जिसमें 2021 में प्रभावी हुए एक नए पारित विदेशी-विरोधी प्रतिबंध कानून का हवाला दिया गया।

वांग ने कहा, ‘‘चीन एक बार फिर अमेरिकी सरकार और संबंधित पक्षों से… ताइवान को हथियारों की बिक्री बंद करने और ताइवान के साथ सैन्य संबंध समाप्त करने का आग्रह करता है।’’ उन्होंने कोई विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा, ‘‘चीन स्थिति के अनुसार अपनी संप्रभुता और सुरक्षा हितों की मजबूती से रक्षा करने के लिए सभी आवश्यक उपाय करना जारी रखेगा।’’

ताइवान लोकतांत्रिक रूप से स्वशासित द्वीप है, जिसे कम्युनिस्ट शासित चीन अपना क्षेत्र होने का दावा करता है। वर्ष 1949 में गृहयुद्ध के बीच दोनों पक्ष अलग हो गए थे।

अमेरिका का ताइवान के साथ कोई औपचारिक संबंध नहीं है लेकिन वह इसका मुख्य सहयोगी है।

गौरतलब है कि अक्टूबर 2020 में, चीन ने रेथियॉन और अन्य रक्षा कंपनियों और ‘‘प्रासंगिक अमेरिकी व्यक्तियों’’ के खिलाफ प्रतिबंधों की भी घोषणा की थी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: