तोक्यो ओलंपिक को रद्द करने की याचिका पर हजारों लोगों ने हस्ताक्षर किये

तोक्यो, तोक्यो ओलंपिक को रद्द करने के समर्थन में कुछ ही दिन पहले शुरू की गयी एक ऑनलाइन याचिका पर हजारों लोगों ने हस्ताक्षर किये हैं।

तोक्यो, ओसाका और कुछ अन्य क्षेत्रों में कोरोना वायरस के मामलों के बढ़ने के कारण 11 मई तक आपातकाल लागू है जिसके आगे बढ़ने की संभावना है।

पिछले साल इस महामारी के कारण निलंबित इन खेलों को इस साल 23 जुलाई से शुरू होना है।

याचिका को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बाक को संबोधित किया गया है। बाक के इस महीने के अंत में जापान यात्रा की योजना है। वह हिरोशिमा में 17 मई को ओलंपिक मशाल रिले के पूरा होते समय मौजूद रहेंगे। वह तोक्यो की यात्रा भी करेंगे जहां ओलंपिक के खिलाफ छोटे विरोध प्रदर्शन की योजना बनायी गयी है।

इस याचिका को केंजी उत्सुनोमिया ने तैयार किया था, जो तोक्यो के गवर्नर पद के लिए कई बार चुनाव लड़ चुके है। याचिका के लॉन्च होने के बाद पहले 24 घंटों में इस पर लगभग 50,000 लोगों ने हस्ताक्षर कर दिये हैं।

उत्सुनोमिया ने कहा, ‘‘ सरकार की नीतियों को ओलंपिक को ध्यान में रख कर तैयार किया जा रहा है जबकि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के कदमों को नजरअंदाज किया जा रहा। अस्पताल में जगह कम है और लोग घरों में दम तोड़ रहे है।’’

Credit : Voice of America (VOA)
Photo Credit : Wikimedia commons

%d bloggers like this: