अगरतला, त्रिपुरा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुख्य सचेतक कल्याणी रॉय ने राज्य सरकार से अपने सभी कर्मचारियों के लिए दैनिक कार्य के घंटों की संख्या बढ़ाकर हफ्ते में कार्य दिवस की संख्या केवल चार करने का आग्रह किया।
पश्चिम एशिया संघर्ष के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद समूह ग और समूह घ श्रेणी के 50 प्रतिशत सरकारी कर्मचारी फिलहाल अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित हैं जबकि शेष कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं।
रॉय ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा ‘‘पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री की अपील के बाद राज्य सरकार ने मितव्ययिता उपायों के तहत समूह ग और घ के 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने का आदेश दिया है जबकि शेष कर्मचारी (14 मई से) कार्यालयों में उपस्थित हो रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि लोगों को ईंधन बचाने के लिए प्रधानमंत्री की अपील का पालन करना चाहिए क्योंकि कोई नहीं जानता कि संघर्ष कब समाप्त होगा।
उन्होंने कहा ‘‘प्रधानमंत्री की अपील के बाद मुख्यमंत्री माणिक साहा उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों और विधायकों ने अपने सुरक्षाकर्मियों और वाहनों की संख्या पहले ही कम कर दी है। मैं लोगों से आग्रह करती हूं कि वे कम दूरी के लिए सार्वजनिक परिवहन ई-रिक्शा या साइकिल का उपयोग करके मितव्ययिता के उपाय अपनाएं।’’
उन्होंने कहा ‘‘इसलिए मैंने सरकार से अपील की कि कार्यालयों में काम के घंटे मौजूदा आठ से बढ़ाकर लगभग नौ घंटे करके कर्मचारियों के लिए चार दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किया जाए।’’ क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common