दिल्ली की वित्त मंत्री आतिशी ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार ने बुजुर्गों के लिए पेंशन बहाल कर दी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने के बाद आतिशी ने एक्स पर लिखा, “अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर दिल्ली के बुजुर्गों के बेटे होने का फर्ज निभाया है। भाजपा शासित केंद्र सरकार ने पिछले 5 महीने से 1 लाख बुजुर्गों की पेंशन बंद कर रखी थी। जेल में रहने के बावजूद अरविंद केजरीवाल जी ने दिल्ली के बुजुर्गों को उनका हक दिलाया है। दिल्ली की जनता से हमारा वादा है कि जैसे हमने बुजुर्गों की लंबित पेंशन जारी करवाने की लड़ाई लड़ी, वैसे ही हम दिल्ली की जनता के लंबित काम करवाने की लड़ाई लड़ेंगे।” आतिशी ने कहा कि जब भी वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जेल में मिलेंगी, तो वह पूछेंगे कि बुजुर्गों को उनकी पेंशन मिली या नहीं। “मैं इन एक लाख बुजुर्गों को बधाई देना चाहती हूं कि अप्रैल महीने से जो पेंशन बंद थी, वह अब आनी शुरू हो गई है। कल से ही दिल्ली के समाज कल्याण विभाग ने बुजुर्गों के खातों में यह पेंशन जमा करवानी शुरू कर दी है। कल तक करीब 90,000 पेंशन ट्रांसफर की जा चुकी है और बाकी 10,000 पेंशन आज बैंक खातों में जमा हो जाएंगी।” दिल्ली सरकार प्रत्येक पेंशनभोगी को 2,200 रुपये प्रति माह देती है और केंद्र सरकार 300 रुपये देती है।Photo : Wikimedia