आम आदमी पार्टी में संगठनात्मक पदों में फेरबदल और गोपाल राय की जगह सौरभ भारद्वाज को दिल्ली आप का नया प्रभारी बनाने पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को भ्रष्टाचार का प्रतीक मानते हुए हराया, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अरविंद केजरीवाल ने हार की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया और विधायक गोपाल राय को जिम्मेदार ठहराया।
यह शर्मनाक है कि केजरीवाल ने दिल्ली की हार के लिए पूर्वांचल के नेता गोपाल राय को जिम्मेदार ठहराया। आज 21 मार्च लोकतंत्र दिवस पर अरविंद केजरीवाल ने जनता द्वारा नकारे गए सिसोदिया, जैन और भारद्वाज को राजनीतिक पदोन्नति देकर लोकतंत्र की हत्या की है। सिसोदिया, जैन और भारद्वाज को पद देना केजरीवाल की मजबूरी है, क्योंकि ये वो तोते हैं जिनमें केजरीवाल की जान बसती है।
नई दिल्ली में आयोजित आम आदमी पार्टी (आप) की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक में कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय लिए गए। गुजरात में गोपाल राय को प्रभारी और दुर्गेश पाठक को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। गोवा के लिए पंकज गुप्ता को प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अंकुश नारंग, आभास चंदेला और दीपक सिंगला सह प्रभारी की भूमिका निभाएंगे। पंजाब में मनीष सिसोदिया को प्रभारी और सत्येंद्र जैन को सह प्रभारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय संगठन मंत्री संदीप पाठक को छत्तीसगढ़ प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
https://x.com/AapKaGopalRai/photo